
Deoghar : देवघर नगर थाना क्षेत्र के प्रोफेसर कॉलोनी में वर्ष 2024 में हुई चोरी के मामले में नगर थाना पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के एक आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के जमुई जिला अंतर्गत चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के रायचोर गांव निवासी जितेंद्र पासवान के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, नगर थाना कांड संख्या 358/24 दिनांक 20 जून 2024 के तहत यह मामला दर्ज किया गया था। प्रोफेसर कॉलोनी, विलासी निवासी कुंदन कुमार सिंह ने नगर थाना में मामला दर्ज कराकर बताया था कि वह 13 जून 2024 को अपने बीमार भाई को देखने बिहार के खगड़िया जिले के पौरा गांव गए थे।

20 जून की सुबह जब वह अपने देवघर स्थित आवास लौटे तो घर के मुख्य गेट का ताला और कुंडी टूटी हुई मिली। घर के अंदर प्रवेश करने पर सभी कमरों के ताले और कुंडियां टूटी हुई थीं तथा सामान बिखरा पड़ा था।
दो गोदरेज भी टूटे मिले, जिनमें रखे लगभग तीन भर सोने के आभूषण, दो सोने की चेन, एक जोड़ी टॉप्स, चांदी के सिक्के, अन्य चांदी के जेवर, कुछ कपड़े तथा घर में रखे 25 हजार रुपये नकद गायब थे।
पीड़ित के आवेदन पर नगर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था। इसी कड़ी में नगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार को जेल भेज दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।


