
Deoghar News : देवघर जिले के कुंडा थाना पुलिस ने टोटो लूटकांड का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरीपुर निवासी सुमित कुमार मंडल एवं नीलांबर मंडल के रूप में हुई है। दोनों कुंडा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पुलिस ने इनके कब्जे से लूटा गया टोटो, उसकी चार बैटरी, टोटो चालक का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की है।

इस संबंध में बुधवार को सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 29 जून की रात कुंडा थाना में टोटो लूटकांड का मामला दर्ज कराया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रवीन पुष्कर के निर्देश पर उनके नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

टीम में कुंडा थाना प्रभारी पुअनि प्रशांत कुमार, सअनि शिवयतन मुर्मू, हवलदार रामबालक राय, आरक्षी राजेश कुमार यादव तथा तकनीकी शाखा के रियाजुल हक एवं कृष्ण पूर्ति को शामिल किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर लूटा गया सामान और घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गौरतलब है कि बलियाचौकी निवासी टोटो चालक रामबालक राय ने कुंडा थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बताया था कि 28 जून की रात करीब 9:30 बजे वह सातर से सवारी उतारकर लौट रहे थे। इसी दौरान डीएवी स्कूल के पीछे डढ़वा नदी के पास दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उनका टोटो रोक लिया।
हथियार दिखाकर उनके साथ मारपीट की गई और नगद 700 रुपये, मोबाइल फोन तथा टोटो लूटकर अपराधी फरार हो गए थे। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


