
Deoghar : कुंडा थाना क्षेत्र के सल्लूरायडीह के पास सोमवार देर रात एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने दो बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घायलों की पहचान सारवां थाना क्षेत्र के रोशनमोड़ निवासी कुंदन तुरी, प्रमोद तुरी और बजरंगी मृदा तथा पथरोल थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह निवासी बंधु तुरी के रूप में हुई है।

सभी घायलों को देर रात इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बंधु तुरी, कुंदन तुरी और प्रमोद तुरी को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि बजरंगी मृदा का इलाज सदर अस्पताल में किया गया।
परिजनों ने बताया कि सभी लोग रोशनमोड़ से बिहार के जमुई जिले के सिमुलतला थाना क्षेत्र स्थित टेलवा गांव जाने के लिए बाइक से निकले थे। गांव से कुछ ही किलोमीटर आगे बढ़ने पर सामने से तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे अन्य बारातियों की नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल सभी को उठाकर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना कुंडा थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।


