
Madhupur/Deoghar : देवघर जिले के पाथरोल थाना क्षेत्र में उधार के पैसे मांगने पर एक होम्योपैथिक डॉक्टर पर जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोपियों ने चाकू से गर्दन पर वार कर घायल कर दिया और करीब 4 लाख रुपये की नकदी व सोना लूटकर फरार हो गए। घायल डॉक्टर का इलाज एम्स देवघर में चल रहा है।
क्या है मामला

मीना बाजार मधुपुर निवासी डॉ. निर्मल प्रमाणिक ने पाथरोल थाना में दिए आवेदन में बताया कि रविवार की रात 10.30 बजे वह अपने किराए के होटल में थे। आरोप है कि पाथरोल के 45 वर्षीय सनोज पासी और दयानन्द चक्रवर्ती करीब दो महीने से होटल का सामान उधार ले रहे थे।

पैसा मांगने पर दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतर आए। आवेदन के अनुसार सनोज पासी ने जान मारने की नियत से डॉ. की गर्दन पर चाकू से प्रहार किया, जिससे गर्दन कट गई। शोर सुनकर उनका साला विकास प्रमाणिक और एक स्टाफ मौके पर पहुंचे और किसी तरह उनकी जान बचाई।
आरोपियों ने भागने से पहले होटल के गल्ले से 41 हजार छह सौ रुपये नकद निकाल लिए। साथ ही डॉ. की गर्दन से 2.5 भर का सोने का चेन भी छीन लिया, जिसकी कीमत 3.50 लाख रुपये बताई गई है।
डॉ. ने बताया कि आरोपी पहले भी दुकान आकर ग्राहकों के सामने गाली-गलौज करते थे।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल डॉक्टर को पहले मधुपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स देवघर रेफर कर दिया गया।
पाथरोल पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


