
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया कुमुदिनी घोष रोड स्थित एक मकान में शनिवार देर रात चोरों ने खिड़की का ग्रिल तोड़कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने मनीष कुमार के मकान में किराये पर रह रहे सिंचाई प्रमंडल पुनासी योजना के लिपिक श्याम नंदन प्रसाद के घर को निशाना बनाया।

पीड़ित परिवार के अनुसार चोर करीब 40 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ले गए। बताया गया कि श्याम नंदन प्रसाद मूल रूप से बिहार के जहानाबाद जिले के मखदुमपुर थाना क्षेत्र स्थित मंझोसा गांव के निवासी हैं और पिछले करीब पांच वर्षों से उक्त मकान में किराये पर रह रहे हैं।

हाल ही में गांव जाने के दौरान पत्नी के साथ बाजार जाते समय हुई सड़क दुर्घटना में उनकी पत्नी की मौत हो गई थी, जबकि श्याम नंदन प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज फिलहाल पटना में चल रहा है। देवघर स्थित किराये के मकान में उनके छोटे भाई विनय कुमार रह रहे हैं, जो दुपट्टा के होलसेल कारोबार से जुड़े हैं।
विनय कुमार ने बताया कि वह एक कमरे में सो रहे थे, जबकि दूसरे कमरे में गोदरेज, दीवान और ट्रंक रखा हुआ था। चोर खिड़की का ग्रिल उखाड़कर उसी कमरे में घुसे और गोदरेज, अटैची तथा बक्सों का ताला तोड़कर सामान निकाल लिया। चोरी के बाद कमरे का सारा सामान बिखेर दिया गया।
रविवार सुबह करीब आठ बजे जब उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो अंदर से गद्दा दरवाजे के सहारे लगा होने के कारण दरवाजा नहीं खुल रहा था। काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खुला तो कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने मकान मालिक मनीष कुमार और नगर थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में चार-पांच अज्ञात लोग हाथों में सामान लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामानों में 20 भर सोने के जेवरात, 400 ग्राम चांदी के जेवरात, बच्चों की एक सोने की चेन, दुर्गा माता के तीन लॉकेट, व्यापार के छह लाख रुपये नकद, घर की ढलाई के लिए रखे तीन लाख रुपये नकद, बच्चों के गुल्लक में रखे 17 हजार रुपये, बच्ची के दो जोड़ी चांदी के पायल तथा लगभग 20 हजार रुपये मूल्य के कीमती कपड़े शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


