देवघर।

देवघर के बाजला चौक के पास आज कुछ देर के लिए भीड़ नजर आयी. इस भीड़ में एक युवक जो अब इस दुनिया में नहीं है, उसके मां-पिता सड़क किनारे खड़े, नम आंखों से दूसरे के घर के चिराग को बचाने की पहल कर रहे थे. मां बार-बार अपने कलेजे के टुकड़े को याद कर लोगों से गुजारिशें कर रही थीं.
एक साल पहले हुई थी बेटे की मौतः

एक साल पहले यानि 23 जुलाई 2018 को एक युवक की मौत हो गयी थी. मौत सड़क हादसे में हुई थी. युवक का नाम था अभिषेक झा उर्फ पियूष. मौत की सबसे बड़ी वजह थी अभिषेक का हेलमेट न पहनना. अभिषेक की पहली पूण्यतिथी पर उसके मां-पिता खुद को रोक न पाये और निकल गये हेलमेट बांटने.
वाहन चालकों को बांटा हेलमेटः

बाजला चैक पर वैसे सभी दो पहिया वाहन के चालक जो बगैर हेलमेट के नजर आये उन्हें दान स्वरूप हेलमेट दिया. इस दौरान बार-बार मां अपने बेटे को याद कर बिलखती रही, फिर भी सभी से यह कहती नजर आयी कि एक साल पहले उनके घर का इकलौता चिराग सिर्फ हेलमेट न पहनने की वजह से बुझ गया, आप जरूर हेलमेट पहनें ताकि ऐसी अनहोनी किसी जिंदगी में न हो.
मां की अपीलः
पियूष की मां ने सभी अभिभावकों से अपील की कि अपने बच्चों को हेलमेट पहनने की तरबियत दें, ताकि किसी मां की गोद सूनी न हो. उनके घर का चिराग हमेशा जगमगाता रहे. इस दौरान ट्रैफिक डीएसपी और अन्य स्थानीय लोग भी मौजूद थे. सभी ने पियूष के मां-बाप की इस पहल की सराहना की और उन्हें सांतावना दिया.


