
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के बरियार बांधी मोहल्ले में पानी बहने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सभी घायलों का ऑन ड्यूटी चिकित्सक की देखरेख में इलाज चल रहा है। घायल दिलीप कुमार साह ने बताया कि उन्होंने नया घर बनवाया है। घर में नई ढलाई होने के कारण उसमें पानी भरकर रखा गया था।

इसी दौरान किसी बच्चे द्वारा वह पानी पड़ोसी के घर की ओर बह गया। इसे लेकर शनिवार सुबह विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पड़ोसी लाठी-डंडा लेकर चार-पांच अज्ञात लोगों के साथ उनके घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने लगे।
मारपीट में दिलीप कुमार साह, पिंकी साह, सोनाली, सरिता देवी, अर्नव कुमार तथा अभिनव कुमार घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह विवाद शांत कराया।
इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।


