
Deoghar : देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के करनीबाग मोहल्ला स्थित कुंडा मोड़ के पास रविवार की सुबह अचानक लगी भीषण आग में दो दुकानें जलकर राख हो गईं। इस हादसे में करीब 30 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। आग की चपेट में उषा ट्रेडर्स और शिव शक्ति स्टोर नामक दो सटी हुई दुकानें आ गईं।

प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 4:30 बजे स्थानीय लोगों ने दुकानों से धुआं निकलते देखा। इसके बाद उन्होंने दोनों दुकानदारों को फोन कर घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही दोनों दुकानदार मौके पर पहुंचे और तत्काल दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी। बताया गया कि सूचना मिलने के कुछ समय बाद दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची।
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सबसे पहले किराना एवं स्टेशनरी की दुकान शिव शक्ति स्टोर में लगी।
इसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर बगल में स्थित हार्डवेयर एवं प्लाइवुड की दुकान उषा ट्रेडर्स को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उसे नियंत्रित करना आसान नहीं था। आग बुझाने में आसपास के लोगों ने भी दोनों दुकानदारों और दमकल कर्मियों का सहयोग किया।
उषा ट्रेडर्स के संचालक संजय कुमार ने बताया कि उनकी दुकान में हार्डवेयर एवं प्लाइवुड का बड़ा स्टॉक रखा था, जो आग में पूरी तरह जल गया। उन्होंने इस घटना में करीब 15 से 17 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।
वहीं शिव शक्ति स्टोर के संचालक राजेश कुमार गोप ने बताया कि उनकी दुकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। उनके अनुसार इस आगजनी में करीब 10 से 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोग आग लगने के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चा करते रहे। फिलहाल प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।


