
Deoghar: नवरात्रि पर्व के पहले दिन गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने अपने क्षेत्र की जनता को खुशखबरी सुनाई है। रेलवे ने गोड्डा और देवघरवासी को बड़ी सौगात दी है। दरअसल, गोड्डा से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन की शुरुआत होने जा रही है। ये ट्रेन देवघर, जसीडीह के रास्ते गिरिडीह, कोडरमा और गया होते हुए दिल्ली जायेगी।

एक ओर जहां गोड्डा से दिल्ली के लिए ट्रेन मिली है तो वहीं गिरिडीह से दिल्ली जाने के लिए भी ये पहली सीधी ट्रेन होगी।

ट्रेन नंबर 1449/1450 दिल्ली-गोड्डा/गोड्डा-दिल्ली एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन चलेगी।
सोमवार को दोपहर तीन बजे दिल्ली स्टेशन से खुलकर ये ट्रेन टुंडला, कानपुर, प्रयागराज, पंडित दिन दयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, गया, कोडरमा, जमुआ, न्यू गिरिडीह, मधुपुर, जसीडीह, देवघर और ककनी स्टेशन पर होते हुए मंगलवार को दोपहर तीन बजकर 45 मिनट पर गोड्डा पहुंचेगी।
इसी तरह गोड्डा से बुधवार को सुबह 10 बजे खुलकर ये ट्रेन तय स्टेशनों पर रुकते हुए गुरुवार को सुबह 9 बजकर दस मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी।

एमपी निशिकांत दुबे ने बताया कि ये ट्रेन गोड्डा से खुलने वाली 14वीं ट्रेन है। इस ट्रेन के परिचालन की शुरुआत होते ही अब देवघर से दिल्ली जाने के लिए सातों दिन ट्रेन होगी। साथ ही गिरिडीह को ये देश की राजधानी से कनेक्ट करने वाली पहली ट्रेन मिली है। निशिकांत दुबे ने कहा इसे मोदी का भरोसा और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है।


