
Deoghar : मोहनपुर थाना क्षेत्र के बेजनडीह गांव में जमीन विवाद को लेकर एक परिवार के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में साहेबगंज जिले के तालझारी थाना क्षेत्र के करणपुरतो गांव निवासी छोटी कुमारी ने मोहनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।

मामले के अनुसार, 24 जून को पिता के बीमार होने के कारण वह अपने मायके बेजनडीह आई थी। उसी दिन से उसके चाचा विनोद ठाकुर, चाची फुलन देवी, चचेरी बहन चांदनी देवी तथा चचेरे भाई दशरथ ठाकुर पर जमीन विवाद को लेकर गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत में कहा गया है कि 26 जून की सुबह करीब आठ बजे, जब उसके माता-पिता इलाज के लिए देवघर एम्स गए थे, तभी दशरथ ठाकुर ने घर की दीवार पर चढ़कर ईंट-पत्थर फेंके, जिससे छोटी कुमारी घायल हो गई। वीडियो बनाने पर आरोपित लाठी-डंडा और रॉड लेकर घर में घुस आए तथा मारपीट और तोड़फोड़ की।
इस दौरान बड़ी बहन काजल देवी और उसकी एक वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं। बचाव करने पहुंचे अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
शिकायत में फुलन देवी पर काजल देवी के गले से चांदी की चेन छीनने का भी आरोप लगाया गया है। घायलों का इलाज सदर अस्पताल, देवघर में चल रहा है। पीड़िता ने मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


