
Deoghar News : देवघर-दुमका मुख्य मार्ग पर मोहनपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया के पास गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।

मृतकों की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र के सुथानिया निवासी 25 वर्षीय प्रदीप कुमार बाउरी तथा लटियातरी निवासी 22 वर्षीय बबलू कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों युवक पल्सर बाइक से अपने घर से मोहनपुर बाजार जा रहे थे। इसी दौरान डुमरिया के पास तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों मृतकों के परिजन सदर अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं।
बताया जाता है कि मृतक बबलू कुमार सिंह का हाल ही में तिलक समारोह संपन्न हुआ था और आगामी 6 जुलाई को उसकी शादी होने वाली थी। वहीं प्रदीप कुमार बाउरी अपने पीछे एक छोटे बच्चे को छोड़ गए हैं।
अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है तथा फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।


