
Deoghar News : देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र स्थित नौलखा मंदिर के समीप एक कार की टक्कर से बाइक सवार सास-दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वार्ड में भर्ती कर लिया है।

घटना के संबंध में रिखिया थाना क्षेत्र के कलकतिया धर्मशाला निवासी घायल सूरज यादव ने बताया कि वह अपनी सास उषा देवी को बाइक से लेकर गढ़जोरा गांव जा रहे थे।
इसी दौरान नौलखा मंदिर के पास पीछे से तेज गति से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में धक्का मार दिया। टक्कर लगते ही बाइक पर सवार दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।


