
Deoghar: देवघर सदर अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज के 10,500 चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अस्पताल प्रबंधन को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा घटना के समय की सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित अग्रेज दास ने सिविल सर्जन को दिए आवेदन में बताया कि वह सिर दर्द की शिकायत लेकर देवघर सदर अस्पताल पहुंचे थे। उन्हें अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड-8 में भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। उनका आरोप है कि मंगलवार शाम करीब 5 बजे से 7 बजे के बीच इलाज के दौरान उनकी जेब से 10,500 नकद गायब हो गए।

पीड़ित का कहना है कि इलाज के दौरान वह अस्वस्थ अवस्था में थे। इसी बीच किसी नर्स द्वारा उनकी पीछे की जेब से नकदी निकाल लेने का उन्हें संदेह है। काफी खोजबीन के बावजूद रुपये नहीं मिलने पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
अंग्रेज दास ने अपने आवेदन में कहा है कि घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराई जाए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल अस्पताल प्रशासन को शिकायत सौंप दी गई है। मामले की जांच और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।


