
Deoghar: गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने संथाल परगना वासी खासकर देवघर के लोगों के भावनाओं को समझते हुए आज झारखंड सरकार से एक विनम्र आग्रह किया है। सांसद ने मांग की है कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर में स्थानीय लोगों के पूजा के लिए हर रोज एक समय का निर्धारण होना चाहिए।

सांसद निशिकांत दुबे का कहना है कि देवघर में लोगों के बसने में एक कार्य बाबा की सेवा भी है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि संथालपरगना ख़ासकर देवघर के कितने लोग बाबा बैद्यनाथ जी का हर रोज दर्शन कर पाते हैं?

निशिकांत दुबे ने झारखंड सरकार से यह आग्रह किया है कि स्थानीय लोगों के पूजा के लिए प्रत्येक दिन सावन माह को छोड़कर एक समय निर्धारित कर दें। ताकि यहां के लोग सुविधानसुसार बाबा का दर्शन पूजन कर सकें।
सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर लिखा है “बार बार पूजा में रोकने तथा पूजा करने के लिए तीसरे मुक़दमा के दर्ज होने के बाद,अब ज़िला प्रशासन से मेरा एक प्रश्न है कि संथालपरगना ख़ासकर देवघर के कितने लोग बाबा बैद्यनाथ जी का दर्शन कर पाते हैं? देवघर में लोगों के बसने में एक कार्य बाबा की सेवा भी है ।इसलिए झारखंड सरकार से यह आग्रह होगा कि स्थानीय लोगों के पूजा के लिए प्रत्येक दिन सावन छोड़कर एक समय निर्धारित कर दें। “
सांसद के इस प्रयास की लोग सराहना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर किये गए पोस्ट पर लोग लगातार कमेंट कर इस मांग पर अपनी सहमति जाहिर कर रहे हैं। मानों निशिकांत दुबे ने उनके मन की बात कह डाली हो।


