
Deoghar: सोमवार को देवघर में सांसद निशिकांत दुबे ने देवघर सहित गोड्डा लोकसभा के सफाई कर्मियों के लिए कई बड़ी घोषणा की।

सांसद ने कहा कि अब देवघर निगम में सफाई कर्मियों का हड़ताल कभी नहीं होगा।
देवघर निगम के सफाई कर्मचारियों के लिए हर साल 25 लाख

उन्होंने जानकारी दी कि देवघर निगम के सफाई कर्मचारी के लिए कल्याण कोष का गठन होगा। जिसमें हर साल अप्रैल माह में 25 लाख रुपए ट्रांसफर किया जाएगा।
गोड्डा लोस के सफाई कर्मचारियों का होगा इंश्योरेंस
इसके साथ ही उन्होंने बड़ी घोषणा की कि पूरे गोड्डा लोकसभा के अंतर्गत देवघर, मधुपुर, गोड्डा, महगामा और जरमुंडी, ये जो नगर पालिका, नगर पर्षद, नगर पंचायत या नगर निगम है। उन सभी के सफाई कर्मचारियों का दो से पांच लाख तक का इंश्योरेंस कराया जाएगा। जिसके लिए लिस्ट तैयार किया जा रहा है।
हर साल सांसद परिवार की ओर से जूता-कपड़ा का वितरण
इसके अलावा सांसद निशिकांत ने एक और घोषणा की। उन्होंने बताया कि हर साल उनके जन्मदिन के अवसर पर पूरे गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सफाई कर्मचारियों को उनके परिवार की ओर से जूता और कपड़ा का वितरण किया जाएगा।
सांसद निशिकांत दुबे ने सभी सफाई कर्मचारियों से आग्रह किया कि ये शहर आपका भी है। बाबा की नगरी में दूर दराज से लोग पहुंचते हैं। ऐसे में इसे साफ सुथरा और स्वच्छ रखें।
राज्य सरकार पर नहीं भरोसा, फंड के लिए नहीं करूंगा कोशिश: सांसद
वहीं, देवघर नगर निगम में फंड की कमी होने के सवाल पर सांसद ने कहा कि मैंने चुनाव से पहले ही कहा था कि बीजेपी की जीत पर ही मैं यहां फंड लाऊँगा। निगम की जनता ने भाजपा को मौका नहीं दिया ऐसे में अपने कथन पर मैं कायम हूँ।
उन्होंने कहा कि मुझे यहां के मेयर और वार्ड काउंसलर से कोई परेशानी नहीं है। उन सभी पर भरोसा है। लेकिन, राज्य सरकार पर रत्ती भर भी भरोसा नहीं है। इसलिए फंड लाने के लिए मैं कोई प्रयास करने वाला नहीं हूं।


