
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठित स्कूल में कार्यरत गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय सोमालाल मुर्मू के रूप में हुई है, जो बिहार के बांका जिला अंतर्गत जयपुर थाना क्षेत्र के मुकुंदा गांव का निवासी था।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक के कंधे, हाथ और पीठ पर जले हुए निशान पाए गए हैं। शरीर पर मिले इन निशानों ने मौत को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

वहीं, स्कूल प्रबंधन की ओर से बताया गया है कि सोमालाल मुर्मू की मौत नहाने के दौरान अचानक हृदय गति रुक जाने से हुई है। इधर, मृतक के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की बातों पर सवाल उठाया है।
परिजनों का कहना है कि उन्हें सूचना दी गई थी कि सोमालाल नहाने के दौरान बेहोश हो गया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। हालांकि, जब उन्होंने शव देखा तो शरीर के कई हिस्सों पर जले के निशान दिखाई दिए।
परिजनों का मानना है कि यह मामला गंभीर जांच का विषय है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होना चाहिए।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।


