Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के रांगा मोड़ के पास देर रात एक युवक को गोली मारे जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान बिहार के बांका जिला अंतर्गत चांदन थाना क्षेत्र के गोडियारी गांव निवासी 27 वर्षीय रोशन कुमार के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर रात एक युवक बुलेट बाइक पर सवार होकर घायल रोशन कुमार को लेकर सदर अस्पताल पहुंचा था। अस्पताल पहुंचने पर उसने डॉक्टरों और कर्मियों को यह कहकर गुमराह करने की कोशिश की कि युवक सड़क हादसे में घायल हुआ है।
हालांकि, ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने जब बारीकी से जांच की, तो पाया कि युवक को गोलियां लगी है। डॉक्टर ने देखा कि रोशन की आंख के पास और सिर के पीछे गोली के निशान और गंभीर जख्म हैं।
मामले का खुलासा होते ही डॉक्टर ने तुरंत बैद्यनाथधाम ओपी को इसकी सूचना दी। इसके साथ ही नगर थाना पुलिस को भी घटना से अवगत कराया गया।
फिलहाल पुलिस और थाने की टीम पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। पुलिस घायल को अस्पताल लेकर पहुंचे उस युवक की तलाश में है। ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके।



