
Deoghar: देवघर-सारठ मुख्यमार्ग पर कुंडा थाना क्षेत्र के बलियाचौकी के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों में मोहनपुर थाना क्षेत्र के योगियाकेनाल निवासी शिक्षक अशोक मंडल वर्तमान पता महेशमारा रिखिया और हजारीबाग जिला के बड़कागांव केरेडारी निवासी शिक्षक महादेव गुप्ता के नाम शामिल हैं।

शिक्षक महादेव गुप्ता वर्तामान में केएन स्टेडियम के पास किराये की मकान में परिवार के साथ रहते हैं। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी कुंडा पुलिस को दिया। सूचना मिलते ही गश्ती कर रहे एएसआई अजय कुमार सिंह सदलबल घटना स्थल पहुंचे और एक घायल को पुलिस वाहन में तो दूसरे को ऐंबुलेंस में लादकर इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद शिक्षक महादेव गुप्ता को इलाज के लिये हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं अशोक मंडल का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है।

घटना की बावत अशोक मंडल ने बताया कि वे दोनों सारवां स्थित लखोरिया मध्य विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। बताया कि स्कूल में छुट्टी होने के बाद दोनों बाइक से वापस देवघर लौट रहे थे। महादेव गुप्ता बाइक चला रहा था और वे पीछे बैठे थे। बताया कि बलियाचौकी के पास अचानक एक मैजीक वाहन ने बाइक में धक्का मार दिया जिससे दोनों सड़क पर गिर गये। वहीं धक्का मारने के बाद मैजिक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। वहीं कुंडा पुलिस घटना के बाद धक्का मारने वाले मैजिक वाहन की पहचान करने में जुट गयी है।



