Deoghar: देवघर पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 15 नवंबर को साइबर अपराध करने के आरोप में चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। सूचना मिली थी कि क्षेत्र के कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट, अमेजन पे के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी तथा गूगल पर फोन-पे कस्टमर केयर और पीएम किसान योजना के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता पायी गयी है। गिरफ्तार आरोपितों में बिट्टू कुमार, रौशन कुमार और राजाराम कुमार तीनों जगतपुर, थाना मोहनपुर के रहने वाले हैं। वहीं, तकबुल अंसारी कालीजोत, थाना सारठ का निवासी है। सभी देवघर जिले के रहने वाले हैं।
एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपित एक्सेस लेकर साइबर ठगी करते थे। वे फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को अपने झांसे में लेते थे। इसके बाद एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से उपभोक्ताओं का एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड बंद कर देते थे। फिर कार्ड को दोबारा चालू कराने के नाम पर आम सहायता देने का झांसा देकर ठगी करते थे।
छह मोबाइल और सात सिम कार्ड बरामद
गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने छह मोबाइल फोन और सात सिम कार्ड बरामद किये हैं। तकनीकी जांच में जब्त मोबाइल नंबरों और आईएमईआई नंबरों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पायी गयी हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित राजाराम कुमार पूर्व में देवघर साइबर थाना कांड संख्या 107/2024 में जेल जा चुका है।
छापेमारी दल में साइबर थाना देवघर के पुनि अमर कुमार राम, मोहनपुर थाना प्रभारी पुअनि संदीप कृष्णा तथा मोहनपुर थाना की पुलिस टीम शामिल थी।



