
Deoghar: देवघर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आरंजा गांव में जबरन लकड़ी ले जाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जाता है कि गांव में लकड़ी ले जाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे और अन्य हथियारों से हमला कर दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की पहचान मुस्तकीम अंसारी, इरशाद अंसारी और कौशर अंसारी के रूप में हुई है। सभी को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहले प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया, जहां से उनकी स्थिति को देखते हुए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में भर्ती घायलों का इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने मामले को लेकर थाना में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लकड़ी को लेकर विवाद काफी देर तक चलता रहा, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई।
पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।


