
Deoghar: देवघर पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के निर्देशन में 5 जून को कार्रवाई करते हुए एक साइबर अपराधकर्मी को गिरफ्तार किया ।

सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र के सोनरायठाड़ी निवासी मनोज मंडल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी के पास से बरामद मोबाइल फोन एवं सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी गूगल पे, फोनपे एवं पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का लालच देता था। इसके बाद उनसे फोनपे गिफ्ट कार्ड बनवाकर उसे रिडीम कर राशि की ठगी करता था। वहीं फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से बैंक कार्ड बंद कराने और पुन: चालू कराने के नाम पर भी लोगों को अपने झांसे में लेकर ठगी करता था।
छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया गया। छापेमारी टीम में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक ललित खलखो, सोनारायठाड़ी थाना प्रभारी रोहित कुमार दांगी तथा सोनारायठाड़ी थाना की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


