
Deoghar: विषैले सांप के काटने से एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज आईसीयू में चल रहा है।

घायल किशोर की पहचान 13 वर्षीय सुमन कुमार के रूप में हुई है। वह बिहार के बांका जिले के भैरोगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मोधडीह गांव का निवासी है। परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह सुमन नींद से उठने के बाद घर की सीढ़ी पर रखी अपनी चप्पल पहनने गया था। इसी दौरान वहां पहले से एक काला खारिस सांप मौजूद था। जैसे ही उसका पैर सांप पर पड़ा, सांप ने उसे जोरदार तरीके से डंस लिया।

सांप के काटते ही किशोर दर्द से चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर घर के सदस्य मौके पर पहुंचे। परिजनों ने तत्काल सांप को अधमरा कर दिया और घायल किशोर को इलाज के लिए कटोरिया अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन उसे लेकर देवघर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार किशोर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। वहीं चिकित्सकों ने समय पर अस्पताल पहुंचाने को राहत की बात बताते हुए इलाज जारी रहने की जानकारी दी है।


