
Ranchi: पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में 3 विधायकों के पास से 48 लाख कैश मिलने से कांग्रेस सकते में आ गई है। एक काली फॉर्च्यूनर गाड़ी से मिले कैश को गिनने के लिए मशीन मंगवाई गई थी। पुलिस ने तीनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है। इधर, कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कैश कांड में फंसे झारखंड के तीन कांग्रेस विधायकों को निष्कासित कर दिया है। बता दें तीनों विधायक शनिवार शाम भारी नगदी के साथ पकड़े गए हैं।

पार्टी महासचिव और झारखंड कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे ने बताया कि तीनों विधायकों को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जो भी इसमें लिप्त पाया जाएगा उनपर भी करवाई की जाएगी।
सरकार अस्थिर करने की साजिश: झारखंड कांग्रेस

एक प्रेस वार्ता में अविनाश पांडे ने कहा “झारखंड के तीन विधायकों को काफी कैश के साथ कोलकाता में पुलिस ने पकड़ा है। वहां विधायकों को डरा धमका कर और प्रलोभन के जरिए सरकार को अस्थिर करने की कोशिश हो रही है। बीजेपी के इस प्रयास के खिलाफ पिछले दिनों एक एफआईआर भी दर्ज की गई थी। एक राज्य के मुख्यमंत्री विधायकों से संपर्क कर रहे हैं, एक केंद्रीय मंत्री विधायकों को धमकी दे रहे हैं।”
अविनाश ने कहा कि महाराष्ट्र में सरकार बदली लेकिन महीने भर बाद भी मंत्री मंडल नहीं बन पाया है। छत्तीसगढ़ में भी एजेंसी के जरिए सरकार को परेशान करने की कोशिश हो रही है। राजस्थान में भी कोशिश हुई।
बता दें कि शनिवार शाम हावड़ा में झारखंड के जिन तीन कांग्रेस विधायकों की गाड़ी से बड़ी मात्रा में कैश मिला है, उनमें जामताड़ा के इरफान अंसारी, रांची जिले के खिजरी से राजेश कच्छप और सिमडेगा जिले के कोलेबिरा से नमन विक्सेल कोंगाड़ी के नाम शामिल हैं।


