
Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के करनीबाग मोहल्ले में एक बुजुर्ग महिला पर उसके ही बेटे द्वारा धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल महिला की पहचान राधिका देवी के रूप में हुई है।

उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि करनीबाग मोहल्ला निवासी राधिका देवी के बेटे ने घर के चापाकल में ताला लगा दिया था। इसी बात को लेकर राधिका देवी अपने बेटे से चापाकल में लगे ताले को खोलने के लिए कहने गई थीं।

आरोप है कि इसी दौरान बेटे ने आक्रोशित होकर धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में राधिका देवी का एक हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है तथा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


