
Ranchi : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बड़ा ऐलान किया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित करने और उन्हें झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाने का एलान किया है।

मंत्री डॉ . इरफान अंसारी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर लिखा कि कम उम्र में वैभव ने अपनी प्रतिभा और विस्फोटक बल्लेबाजी से पूरे देश का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि भले ही वैभव की टीम मैच नहीं जीत सकी, लेकिन उन्होंने करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया है।

डॉ . इरफ़ान ने कहा कि इतनी कम उम्र में बड़े और अनुभवी गेंदबाजों का जिस आत्मविश्वास और आक्रामक अंदाज में सामना करना असाधारण प्रतिभा का परिचायक है।
वैभव की प्रतिभा की जमकर तारीफ
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि “वैभव, भले ही तुम्हारी टीम मैच हार गई हो, लेकिन तुम करोड़ों भारतीयों का दिल जीत चुके हो। मैं स्वयं क्रिकेट का खिलाड़ी रहा हूं, लेकिन इतनी कम उम्र में बड़े-बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाज़ों का जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता से सामना करते हुए लगातार धुनाई करना, यह असाधारण प्रतिभा का प्रमाण है। तुमने केवल अपना नाम ही नहीं, बल्कि अपने माता-पिता, बिहार और पूरे हिंदुस्तान का नाम रोशन किया है। इसके लिए तुम्हें दिल से बधाई देता हूं। जल्द ही मैं तुम्हें झारखंड में सम्मानित करूंगा।”
उन्होंने कहा “मात्र 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने जिस साहस, आत्मविश्वास और प्रतिभा का परिचय दिया है, वह भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय लिख रहा है। वैभव केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि युवा ऊर्जा, मेहनत, अनुशासन और संघर्ष की जीवंत मिसाल हैं। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है और करोड़ों युवाओं को प्रेरित किया है।”
मंत्री ने कहा “वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा और सकारात्मक सोच ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से काफी प्रभावित किया है। स्वास्थ्य विभाग उनके साथ मिलकर युवाओं के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वैभव आने वाले समय में भारत का नाम विश्व क्रिकेट में नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे और देश को उन पर लंबे समय तक गर्व रहेगा।”


