
Jamtara: जामताड़ा जिले के फतेहपुर बाजार में एक जेवर व्यवसायी से लाखों रुपए के सोना-चांदी के गहनों से भरा बैग लूट की घटना को बदमाशों ने अंजाम दिया है। घटना शुक्रवार देर रात की है।

बजरंगबली बस स्टैंड के पास हथियारबंद पांच बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा कि फतेहपुर बाजार निवासी और जेबी ज्वेलर्स के संचालक अमरजीत वर्मा अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी बस स्टैंड के पास दो बाइक पर सवार पांच अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोका और बैग छीनने का प्रयास किया।

पीड़ित अमरजीत वर्मा ने बताया कि उन्होंने बैग बचाने की कोशिश की। इसी दौरान एक बदमाश ने पिस्तौल निकालकर उन्हें धमकाया। हथियार देखकर उन्हें मजबूरन बैग सौंपना पड़ा। अपराधी बैग के साथ उनकी बाइक की चाबी भी लेकर फरार हो गए। बैग में सोना और चांदी के आभूषण थे। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फतेहपुर हाई स्कूल की ओर भाग निकले।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लूटे गए आभूषणों की कीमत करीब चार लाख रुपए आंकी गई है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।


