
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के वीआईपी चौक स्थित एक निजी नर्सिंग होम के समीप सोमवार को दिनदहाड़े करीब एक बजे बाइक सवार बदमाशों द्वारा एक ठेकेदार से ढाई लाख रुपये की छिनतई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। छिनतई की पूरी घटना घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है।

सूचना मिलते ही नगर थाना की पेट्रोलिंग पार्टी मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालते हुए बदमाशों की पहचान में जुट गई है। घटना के संबंध में कुंडा थाना क्षेत्र के करणीबाग निवासी ठेकेदार वीरेंद्र कुमार ने नगर थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़ित के अनुसार, वह सोमवार को करीब 12 बजे देवघर-जसीडीह मुख्य मार्ग स्थित सत्संग चौक के पास साधना भवन में मौजूद स्टेट बैंक गए थे। वहां उन्हें अपने जान-पहचान के एक व्यक्ति से रुपये लेने थे। वीरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी बाइक बैंक से कुछ दूरी पर स्थित एक निजी नर्सिंग होम के पास खड़ी की थी।
इसके बाद वे बैंक गए, जहां उनके जान-पहचान के व्यक्ति ने बैंक से रुपये निकालकर उन्हें ढाई लाख रुपये दिए। रुपये मिलने के बाद उन्होंने रकम को एक झोले में रखा और बैंक से निकलकर अपनी बाइक के पास पहुंचे। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने रुपये से भरा झोला बाइक के हैंडल में लटका दिया और बाइक स्टार्ट करने ही वाले थे।
इसी दौरान उनका पीछा कर रहा एक अपराधी पैदल उनके पीछे पहुंचा और बाइक के हैंडल में लटके रुपयों से भरे झोले को झपट लिया। इसके बाद बदमाश मौके से भागने लगा।
वीरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने बदमाश का पीछा करते हुए दौड़ लगाई। इसी दौरान वे एक गली में गिर पड़े। तब तक अपराधी अपने एक अन्य साथी के साथ काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना की पेट्रोलिंग पार्टी तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोगों में चिंता देखी जा रही है।



