
Deoghar Cyber Crime News : देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के बंधा निवासी रोहित शर्मा ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए। पीड़ित रोहित शर्मा फास्टफूड की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने मोबाइल पर फेसबुक चला रहे थे।

इसी दौरान उनका मोबाइल अचानक अपने आप अपडेट होने लगा। रोहित शर्मा के अनुसार, मोबाइल अपडेट होने के दौरान उनके बैंक खाते से बिना अनुमति के रुपये कटने लगे।

जब तक उन्हें इसकी जानकारी होती, तब तक उनके खाते से कुल 96 हजार रुपये किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए गए थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रोहित शर्मा ने अपने खाते की जांच की, जिसमें 96 हजार रुपये की निकासी की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत दर्ज कराने के लिए देवघर साइबर थाना का रुख किया।
पीड़ित ने साइबर पुलिस से मामले की जांच कर ठगी की रकम वापस दिलाने तथा दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साइबर थाना पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।


