
नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राष्ट्र को शाम 5 बजे संबोधित करेंगे. इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर जानकारी दी है. जो ट्वीट किया गया है उसमें लिखा है ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 7 जून को शाम 5 बजे देश को संबोधित करेंगे.’

प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से की गयी ट्वीट में यह विस्तार से जानकारी नहीं दी गयी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किस संबंध में बात करेंगे, किस मुद्दे पर वो देश को संबोधित करेंगे, लेकिन ऐसी चर्चा है कि प्रधानमंत्री कोरोना के मौजूदा हालात को लेकर देश को संबोधित करेंगे. वैक्सीनेशन को लेकर प्रधानमंत्री अपनी बात रख सकते हैं.

पीएम मोदी ऐसे समय में देश को संबोधित कर रहे हैं जब देश के कई राज्यों में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. संभव है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस संबोधन में देश में अनलॉक के बावजूद किन बातों का ध्यान रखना है इसका भी जिक्र कर सकते हैं.
वैक्सीनेशन की रणनीति को लेकर भी प्रधानमंत्री अपनी बात रख सकते हैं. क्योंकि वैक्सीनेशन को लेकर विपक्ष लंबे समय से सरकार पर हमला कर रहा है. सुप्रीम कोर्ट में भी वैक्सीनेशन को लेकर कई सवाल किये गये हैं. ऐसे में देश के अंदर भी लोगों के मन में कई सवाल हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस संबोधन में उन सवालों का जवाब देने की कोशिश कर सकते हैं.
कोरोना की दूसरी लहर अब कम हो रही है. देश में तीसरी लहर की भी चर्चा है, प्रधानमंत्री आने वाले खतरे से भी देश को आगाह कर सकते हैं.


