Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र स्थित पुरनदाहा मुहल्ला से शनिवार की देर रात को एक स्कॉर्पियो की चोरी कर ली गयी। चोरी होने की जानकारी गाड़ी मालिक मो. रेहान ने नगर थाना प्रभारी कुमार अभिषेक को दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वाहन का छापेमारी करने में जुट गये।
वाहन में जीपीएस लगा था। नगर पुलिस को जानकारी मिली की चोर वाहन को लेकर जसीडीह थाना क्षेत्र के रोहणी इलाके से गुजर रही है। उन्होंने तुरंत फोन करके जसीडीह थाना प्रभारी जिशान अख्तर को दिया। जसीडीह थाना प्रभारी ने रोहणी इलाके में सड़क पर बेरिकेट लगाकर जांच अभियान शुरू कर दिया। तभी स्कार्पियो का लॉकेशन देवीपुर मुख्या सड़क मिला देवीपुर और बुढ़ई थाना पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गयी। दोनों थाना की पुलिस भी उक्त वाहन को खोजने में जुट गयी।
अंतत: चोरों ने बुढ्ई थाना क्षेत्र स्थित एक जंगल में जाकर स्कार्पियो वाहन को छोड़कर एक वैगेनआर कार से फरार हो गये। सूत्रों ने बताया कि वैगनआर में सवार बदमाश रेकी कर रहा था। पल-पल की रिपोर्ट और पुलिस की गतिविधि की स्कार्पियो चालक को जानकारी दे रहा था।
बताया जाता है कि पुलिस की दबिश की वजह से बदमाशों में स्कार्पियो को जंगल में छोड़कर कार से फरार हो गये। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामला दर्ज करने में जुटी थी।