
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के जैन मंदिर रोड स्थित एक होटल संचालक पर राजस्थान के जोधपुर निवासी ट्रक चालक दीपक कुमार को दो दिनों तक बंधक बनाकर रखने का आरोप लगा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद नगर पुलिस जांच में जुट गई है।

बताया जाता है कि दीपक कुमार ट्रक से होटल का फर्नीचर लेकर देवघर पहुंचा था। इसी दौरान सामान उतारने के क्रम में कुछ फर्नीचर टूट गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर होटल संचालक ने चालक को अपने कब्जे में रख लिया और उसे जाने नहीं दिया।

चालक का कहना है कि उसे लगातार दो दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। सोमवार को किसी तरह चालक ने आपातकालीन सेवा 112 पर कॉल कर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और चालक को वहां से मुक्त कराकर थाना ले आई।
इसके बाद पुलिस ने चालक से पूरे मामले की जानकारी ली। ट्रक चालक दीपक कुमार ने पुलिस को बताया कि वह राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है और फर्नीचर लेकर होटल पहुंचा था। सामान टूटने के बाद विवाद शुरू हुआ और फिर उसे वहां से जाने नहीं दिया गया।
इधर, मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस होटल संचालक सहित अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।
साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चालक को वास्तव में बंधक बनाकर रखा गया था या नहीं। मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


