
Deoghar: देवघर जिले में जुएबाजी और अड्डेबाजी पर रोक लगाने को लेकर देवघर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर शनिवार रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया।

अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने किया। पुलिस की इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शाम ढलने के बाद सुनसान और संदिग्ध स्थानों पर जुएबाजी व अड्डेबाजी की गतिविधियों की लगातार शिकायत मिल रही थी।

इससे अपराध बढ़ने का एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। इसी को देखते हुए जिलेभर में एक साथ विशेष अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध स्थानों की जांच की और वहां मौजूद लोगों को सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
एसपी का स्पष्ट निर्देश है कि जुएबाजी और अड्डेबाजी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने ऐसे ठिकानों की सूची तैयार कर ली है, जहां इस तरह की गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही है। इन स्थानों पर अब नियमित रूप से छापेमारी अभियान चलाया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि जुएबाजी और अड्डेबाजी के कारण क्षेत्र में अपराध को बढ़ावा मिलता है और कई असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं। अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे इस तरह की गतिविधियों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


