
Deoghar: जिले के सारवां थाना पुलिस ने पांच वर्ष बाद थाना क्षेत्र के मंझलीटीकुर निवासी सनोदी मुर्मू की हत्या के मामले का खुलासा किया है। मामले में दो हत्या आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों मृतका के रिश्ते में ननद और ननदोई लगते हैं।

जेल गये आरोपी का नाम निशपति मुर्मू और उसकी पत्नी राखोनी हांसदा साकिन बिंदापाथर चकरदाहा जिला जामताड़ा का रहने वाला है। घटना को लेकर सारवां थाना प्रभारी कुमार अभिषेक ने बताया कि 09 जुलाई 2017 को सनोदी मुर्मू की हत्या कर दी गयी थी। उसके बाद मृतका के पति शिवनन्दन हासदा ने मामला दर्ज कराया था। जिसमें दोनों को आरोपी बनाया था। घटना के बाद दोनों वहां से फरार हो गये थे और छुपछुप कर रह रहे थे। केस के अनुसंधानकर्ता सारवां थाना के एसआई उमेश कुमार ने थाना प्रभारी को मिली सूचना पर दोनों को जामताड़ा पहुंच कर घर से गिरफ्तार किया गया।

बताया जाता है कि उस वक्त पति ने यह आरोप लगाया था कि नशे में धुत निशपति मुर्मू और उसकी पत्नी राखोनी हांसदा ने उसके पत्नी को मारपीट कर पहले गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उसके बाद घर में रखे 20 हजार नकद, चांदी का सिकड़ी जिसकी किमत 1600 रूपये, एक जोड़ी बैल कीमत 40 हजार, एक बाछी कीमत 5 हजार और एक बकरी व उसका बच्चा कीमत 4 हजार रूपये लेकर चला गया। जब वह घर पहुंचा तो पत्नी बेहोशी हालत में पड़ी थी। वह उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज चला उसके बाद घर लौटकर आ गया लेकिन कुछ दिन बाद पत्नी की मौत हो गयी।


