Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र में चर्चित माला देवी हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि मृतका के पति शिबु यादव ने ही पत्नी की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

साथ ही हत्या में प्रयुक्त कुदाल, खून से सना चिमनी ईंट, सीमेंटेड ईंट तथा मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।
एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी शिबु यादव ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी का एक परिचित टोटो चालक के साथ अवैध संबंध था। घटना की रात उसने चाय दुकान के बाहर टोटो खड़ा देखा।
शक होने पर जब वह अंदर गया तो पत्नी को कथित प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पाया। यह देखकर वह अपना आपा खो बैठा और आवेश में आकर कुदाल एवं ईंट से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई थी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। नगर थाना पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं पर गहन अनुसंधान करते हुए महज 48 घंटे के भीतर पूरे मामले का उद्भेदन कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
19 मई को घर में मिला था महिला का शव
गौरतलब है कि 19 मई को करनीबाद मोहल्ला में रहने वाली माला देवी का शव उसके घर के अंदर मिला था। उसकी हत्या कुदाल से की गई थी। मृतका चाय बेचने का काम करती थी।
वह मूल रूप से सारवां थाना क्षेत्र के लखोरिया, भालुवाही की रहने वाली थी। वर्तमान में वह रिखिया थाना क्षेत्र स्थित बंधा में घर बनाकर रह रही थी।
बताया गया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी कारण माला देवी चाय दुकान में रह रही थी, जहां उसकी हत्या कर दी गई।



