
Deoghar: देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के रढिया गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता की शव बालू में दफन मिला। विवाहिता तीन दिनों से लापता थी। आशंका जताई जा रही है कि दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या कर दफन कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, बालू उठाव के दौरान लोगों की नजर बालू में दबे शव पर पड़ी। इसके बाद आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार चौधरी, इंस्पेक्टर केएन सिंह, शिवनारायण कामत, थाना प्रभारी प्रभात कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की।

मजिस्ट्रेट प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि विवाहिता के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को बालू में दफना दिया गया है। उन्होंने बताया कि तीन दिन पूर्व ही रिखिया थाना में विवाहिता की गुमशुदगी को लेकर आवेदन दिया गया था। आवेदन में उल्लेख किया गया था कि विवाहिता घर से नहाने के लिए चंदन नदी गई थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
घटना के उजागर होते ही इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।


