
Deoghar News : देवघर जिले के कुंडा थाना के पास नगर थाना इलाके में चाय दुकान चलाने वाली 60 वर्षीय माला देवी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला का शव दुकान के अंदर मिला, जहां सिर सहित चेहरे को कुचल दिया गया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना स्थल से पुलिस ने घटना को अंजाम देने में प्रयुक्त कुदाल एवं अन्य सामान को जब्त किया है।
पुलिस पहुंची मौके पर

सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, फॉरेंसिक टीम और नगर और कुंडा थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मृतका माला देवी मूल रूप से सारवां थाना क्षेत्र के लखोरिया भालूवाही गांव की रहने वाली थी। वर्तमान में वह रिखिया थाना क्षेत्र के बंधा में घर बनाकर रहती थी। करीब दो महीने से वह कुंडा थाना के पास चाय की दुकान चला रही थी और रात में दुकान में ही सोती थी।
सुबह बेटी को मिली सूचना, मचा कोहराम

मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे किसी ने मृतका की बेटी को फोन कर घटना की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने देखा कि दुकान की दीवारों पर भी खून के छींटे लगे हुए थे। महिला की हत्या काफी नृशंस तरीके से किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इधर घटना के बाद से मृतका के पति शिव यादव के फरार होने की बात कही जा रही है।
पुलिस मामले में जुट गई
पुलिस मामले के सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल देवघर-सारठ मुख्य पथ पर होने के कारण वहां लोगों की भीड़ जुट गई थी। जाम की स्थिति नहीं बने, इसके लिए यातायात थाना की पुलिस को भी मौके पर तैनात किया गया है


