
Deoghar: देवघर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जसीडीह रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित चटर्जी बगान और कुण्डा थाना क्षेत्र के नैयाडीह मैदान स्थित झाड़ी-जंगल में औचक छापेमारी कर करीब 20.760 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है।

इस कार्रवाई में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से दो बाइक, तीन मोबाइल फोन, 28,500 रुपये नगद तथा अन्य सामान भी जब्त किये हैं। मामले में जसीडीह थाना कांड संख्या 172/2026 दिनांक 15 मई के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (b) (II) (b) एवं 22(b) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गुप्त सूचना पर बनी रणनीति, दो ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

पुलिस अधीक्षक, देवघर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जसीडीह थाना क्षेत्र के चटर्जी बगान और कुण्डा थाना क्षेत्र के नैयाडीह मैदान में एक साथ कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 10 पैकेट में रखे गांजा जैसे मादक पदार्थ को बरामद किया। एक बैग से 10.298 किलोग्राम और दूसरे एयर बैग से 10.290 किलोग्राम गांजा मिला। इसके अलावा एक बाइक की सीट के नीचे रखे पॉलीथिन से 172 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ भी बरामद किया गया।
छह आरोपी दबोचे गए, कई जिलों से जुड़े तार
पुलिस ने इस मामले में विकास कुमार मंडल (लखीसराय, बिहार), राजेश यादव (जमुई, बिहार), रामदेव महथा (देवघर), दिनेश शाह (जमुई, बिहार), परशुराम मंडल (कुण्डा, देवघर) और योगेन्द्र मंडल (सारवां, देवघर) को गिरफ्तार किया है।
इन आरोपितों के पास से दो बाइक, तीन मोबाइल फोन, एक रेलवे एंट्री परमिट कार्ड और 28,500 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी है।
छापेमारी टीम में कई अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अशोक कुमार सिंह के साथ जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार, रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार, पुअनि अमर कुमार, पुअनि रामानुज सिंह, सचित कुमार सिंह, पुअनि संदीप कृष्णा, पुअनि प्रियरंजन कुमार, सअनि अनिश कुमार सिंह और रामानुज मिश्रा समेत जसीडीह थाना व तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी शामिल थे।
दो आरोपितों का आपराधिक इतिहास
रामदेव महथा के खिलाफ नगर थाना कांड संख्या 241/2024 दिनांक 04.04.2024 में धारा 323/341/385/387/504/506/34 भादवि के तहत मामला दर्ज है, जिसमें आरोप पत्र समर्पित किया जा चुका है।
वहीं दिनेश शाह के खिलाफ नगर थाना कांड संख्या 436/2018 दिनांक 15.07.2018 में धारा 341/323/307/354/379/504/34 भादवि के तहत मामला दर्ज है और इस मामले में भी आरोप पत्र समर्पित है।



