Deoghar : सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के हेटमझियाडी गांव में बुधवार को आपसी विवाद में कुल्हाड़ी से वार कर एक युवक की हत्या कर दी गयी। मृतक की पहचान मुन्ना मिर्धा के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी सोम सोरेन ने खुद पुलिस को घटना की सूचना दी।

मृतक के चचेरे भाई आशीष मिर्धा के अनुसार, मुन्ना मिर्धा अक्सर सोम सोरेन के घर शराब लेने जाता था। बुधवार को भी वह सोम सोरेन के घर गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान सोम सोरेन ने कुल्हाड़ी से मुन्ना के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण मुन्ना की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।
चौकीदार को दी घटना की जानकारी

घटना के बाद सोम सोरेन चौकीदार के पास पहुंचा और उसे घटना की जानकारी दी। बताया गया कि उसने अपना जुर्म कबूल किया। इसके बाद चौकीदार ने उसे पकड़कर सोनारायठाढ़ी थाना पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया।
शव को सदर अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इधर, पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। घटना के वास्तविक कारणों और विवाद की परिस्थितियों की जानकारी जुटायी जा रही है।



