
Dumka: दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र में गाय चराने गई एक नाबालिग के साथ तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़िता के भाई ने जरमुंडी थाना में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने अनुसंधान करते हुए तीनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

नाबालिग के भाई द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, बीते दिन पीड़िता गाय चराने गई हुई थी। इस दौरान पहले से ही घात लगाए बैठे तीन युवकों ने उसे जबरन पकड़ पास के पहाड़ पर ले गये और बारी बारी से दुष्कर्म किया। तभी पीड़िता की मां, बेटी के लिए खाना लेकर पहुंची, लेकिन बेटी को वहां नहीं देखकर परेशान होने लगी और इधर-उधर तलाश की।

बेटी के न मिलने पर मां ने तुरंत घर पर सूचना दी। इसके बाद पीड़िता के माता-पिता, भाई और अन्य लोगों द्वारा आसपास स्थित पहाड़ पर खोजबीन की गई। लोगों द्वारा पीड़िता का नाम लेकर आवाज लगाने पर पहाड़ से रोने की आवाज सुनाई दी। लोग दौड़ कर वहां पहुंचे तो पीड़िता को एक युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा गया। लोगों को देखते ही दो युवक मौके से भागने में कामयाब रहे जबकि एक युवक को पकड़ लिया गया।
परिजनों ने मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पकड़े गए युवक की निशानदेही पर अन्य दो आरोपियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की।
घटना में शामिल युवकों का नाम विकास हेंब्रम, साहेब मुर्मू और मिथुन सोरेन है। तीनों एक ही गांव के निवासी हैं। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस द्वारा पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है।


