
Jharkhand Weather: झारखंड के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड का मौसम फिलहाल 17 मई तक बदला हुआ रहेगा। दिन के पहले हिस्से में गर्मी रहेगी, जबकि दोपहर बाद आंधी, गरज के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 12 मई को एक बार फिर रांची, देवघर सहित 13 जिलों यानी खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी के साथ बादल गरजने, वज्रपात और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

जबकि पलामू और गढ़वा को छोड़ कर अन्य जिलों में 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवा के साथ मेघ गर्जन और बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
13 मई को रांची सहित खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर और दुमका में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी, मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
14 मई को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार को छोड़ कर अन्य सभी जिलों में दोपहर बाद आकाश में बादल छाए रहेंगे और 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। साथ ही वज्रपात और बारिश होने के भी आसार हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
15 मई को पूरे राज्य में आंधी, बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है। मौसम विभाग ने पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश और हिमालय की तरफ से पश्चिम बंगाल की ओर चल रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण झारखंड का मौसम बदला हुआ है।


