
Dumka: अंकिता सिंह हत्याकांड मामले पर सूबे में विपक्षी पार्टी झारखंड की हेमंत सरकार पर हमलावर है। दुमका पहुंचे झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने दुमका परिसदन में प्रेस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सीएम हमेशा बीजेपी पर आरोप लगाते हैं कि हम आदिवासी हैं इसलिए वह हम पर टारगेट किए हुए हैं । जबकि सच्चाई तो यह है कि वे खुद आदिवासी विरोधी हैं। उनके भ्रष्ट अधिकारी आदिवासियों पर, महिलाओं पर जुल्म कर रहे हैं और सीएम उन्हें संरक्षण दिए हुए हैं।

बाबूलाल ने रूपा तिर्की और संध्या टोपनो का उदाहरण देते हुए कहा कि ये दो महिला पुलिस अधिकारियों की जान इस सिस्टम की लापरवाही की वजह से गई है। जबकि दोनों आदिवासी समाज की थी पर अपने को आदिवासी हित वाली बताने वाली सरकार ने उनके लिए कुछ नहीं किया ।
DSP नुर मुस्तफ़ा पर हो कार्रवाई

बाबूलाल मरांडी ने एक बार फिर से DSP नुर मुस्तफा पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि मुस्तफा लगातार अपने पद का दुरुपयोग करते रहे हैं इससे ज्यादा खामियाजा आदिवासियों को ही हुआ है । उन्होंने कहा कि यह शिकारीपाड़ा के कोयला खदानों से अवैध वसूली करते हैं । दुमका एसपी अंबर लकड़ा ने यहां के डीआईजी को भी पत्र लिखकर उनके खिलाफ कारवाई की अनुशंसा है। साथ ही अंकिता मामले में पर नुर मुस्तफ़ा की भूमिका काफी संदिग्ध है। उन्होंने आरोपियों को बचाने का प्रयास किया इसलिए इन पर 120 बी के तहत मामला दर्ज करते हुए शाहरुख हुसैन और नईम खान के साथ जेल में रहने की व्यवस्था करनी चाहिए ।
सीएम हैं आदिवासी विरोधी, महिला विरोधी
बाबूलाल मरांडी यहीं नहीं रुके उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन पर तीखा हमला करते हुए कहा कि ये सिर्फ लुटेरे ही नहीं है बल्कि आदिवासी विरोधी भी हैं, महिला विरोधी हैं। ऐसे में इन्हें सीएम की गद्दी पर रहने का कोई अधिकार नहीं हैं ।


