
Jharkhand Weather: झारखंड में आज मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। राज्य के कई जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। लगातार पड़ रही गर्मी के बीच मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने राजधानी रांची, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, खूंटी, गुमला और सिंहभूम सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने का पूर्वानुमान जारी किया है।

विभाग के अनुसार, आज 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के कारण अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। मौसम विभाग ने 11 मई तक राज्य में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। विभाग का कहना है कि इस दौरान झारखंड के अधिकांश जिलों में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। बारिश से किसानों को फायदा मिलने की उम्मीद है, क्योंकि खेतों में नमी बढ़ेगी और फसलों को राहत मिलेगी।
हालांकि विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर वज्रपात और तेज हवा के समय खुले स्थानों में नहीं रहने की अपील की गई है।
हालाँकि, जहां एक ओर राज्य के कई हिस्सों में मौसम सुहावना बना हुआ है, वहीं पलामू और गढ़वा जैसे पश्चिमी जिलों में आज भी गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों का अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।



