
Jamshedpur: जमशेदपुर जिले के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां कृष्णा रोड स्थित एक घर में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक बेटे ने अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि हमला करने के बाद आरोपी बेटा इसे कोई अपराध नहीं, बल्कि ‘अदृश्य शक्ति’ पर किया गया हमला बता रहा है।

घटना शुक्रवार की देर रात की है। जब कृष्णा रोड स्थित आवास में अचानक चीखने-चिल्लाने की आवाजें गूंजने लगी। आसपास के लोग जब घर के अंदर पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनकी रूह कांप गई। करण सिंह फर्श पर खून से लथपथ पड़े तड़प रहे थे। चारों तरफ खून फैला हुआ था और उनके शरीर पर धारदार हथियार के गहरे निशान थे।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा निशांत सिंह वहीं मौजूद था। उसकी आंखों में अजीब सी दहशत और व्यवहार में असामान्य बदलाव देखकर पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया। तुरंत इसकी सूचना सिदगोड़ा पुलिस को दी गई।
पुलिस ने जब उसे पकड़ा तो आरोपी निशांत बार-बार यह कह रहा था कि उसने अपने पिता को नहीं, बल्कि एक भूत को मारा है। घायल करण सिंह को आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है।


