
Deoghar: विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में शनिवार को बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी पहुंचे। जहां तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत संकल्प कराकर उन्हें बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना कराई।

उप मुख्यमंत्री ने बाबा के दरबार में माथा टेक कर बिहार सहित पूरे देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।मंदिर परिसर में पूजा अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए विजय कुमार चौधरी ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की कृपा से बिहार लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और उनकी यही प्रार्थना है कि राज्य हमेशा तरक्की के रास्ते पर चलता रहे।

उन्होंने कहा कि बाबा से बिहारवासियों के कल्याण,किसानों की समृद्धि और देश में सुख-शांति की कामना की है। साथ ही श्रावणी मेला को लेकर भी उन्होंने कहा कि बिहार में पड़ने वाले रास्तों की तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है ताकि सुल्तानगंज से पैदल आने वाले श्रद्धालु को परेशानी नहीं है। साथ ही सुल्तानगंज को पर्यटन हब बनाने के दिशा में बिहार सरकार आगे बढ़ रही हैं।
उप मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। उनके आगमन पर मंदिर प्रशासन और पुरोहित समाज ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मौके पर जिला खेल पदाधिकारी सह मंदिर सहायक पदाधिकारी संतोष कुमार,रमेश परिहस्त सहित अन्य कई लोग मौजूद थे।


