
Deoghar Sadar Hospital News: देवघर सदर अस्पताल में महिला मरीज को एक्सपायरी इंजेक्शन लगाए जाने के मामले में जांच तेज कर दी गई है।

देवघर उपयुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है। सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार के निर्देश पर डीएस डॉ. सुषमा वर्मा ने स्वास्थ्यकर्मियों व मरीज को नोटिस जारी कर 23 अप्रैल गुरुवार को अपराह्न 12:30 बजे सदर अस्पताल सभागार में गठित जांच समिति के समक्ष उपस्थित होकर पक्ष रखने कहा है।

क्या है मामला
गौरतलब है कि नगर थाना क्षेत्र की बाजला चौक निवासी पीड़ित महिला रूबी देवी, पति मनीष कांत के अनुसार घटना 5 अप्रैल 2026 रविवार रात की है, जब इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंची थी। डॉक्टर की सलाह पर इमरजेंसी में स्वास्थ्यकर्मी ने इंजेक्शन दिया। बाद में महिला के पति ने जब इंजेक्शन की शीशी देखी, तो मार्च 2026 की एक्सपायरी डेट अंकित पाई गई, जबकि इंजेक्शन अप्रैल में लगाया गया था। महिला के पति का आरोप है कि मौके पर रखी अन्य दवाओं में भी कई एक्सपायर्ड इंजेक्शन मौजूद थे।
घटना के बाद उन्होने मामले की जांच करने की मांग की। हालांकि ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने तत्काल स्थिति संभालते हुए मरीज की निगरानी की। फिलहाल रूबी देवी की हालत सामान्य बताई जा रही है।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं: सीएस
मामले को लेकर जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी कार्यालय के पत्रांक 114 दिनांक 18 अप्रैल 2026 के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन सतर्क हो गया है। दवा स्टॉक, वितरण प्रणाली और दवा प्रबंधन की गहन जांच शुरू कर दी गई है। सीएस डॉ. रमेश कुमार ने स्पष्ट कहा है कि इस तरह की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


