
Deoghar : देवघर जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र के बरदडूबा गांव निवासी एक वर्षीय मासूम अजमद अंसारी की रहस्यमय परिस्थिति में मौत हो गयी है। मृतक के चाचा व अन्य लोगों का आरोप है कि मासूम बच्चे की हत्या उसकी मां मुस्कान खातुन ने गला दबाकर हत्या कर दी है।

वहीं मृतक की मां का कहना है कि बच्चे की स्वभाविक मौत हो गयी है। वहीं पुलिस ने आरोपित मुस्कान खातुन को हिरासत में ले लिया है। उससे इस बारे में पूछताछ की जा रही है। मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

वहीं पुलिस को इस मामले में किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार है। रिपोर्टआने के बाद ही ये स्पष्ट हो पाएगा कि बच्चे की गला दबाकर हत्या की गयी या फिर उसकी मौत स्वभाविक कारण से हुई है।
बताया जाता है कि मुस्कान खातुन महिला की चार वर्ष पहले बरदडूबा गांव निवासी करीम अंसारी से शादी हुई थी। पति व घर वालों का आरोप है कि शादी के बाद भी महिला का किसी और युवक से करीबी संबंध था। इस कारण अक्सर घर में विवाद होता था। इसको लेकर इनके बीच पहले से अनबन चल रहा था। इसको लेकर गांव में समझौता के लिए पंचायत बुलायी गयी थी। इसी बीच ये हादसा हो गया।
पंचायत में निर्णय लिया गया कि मुस्कान को फिलहाल उसके मायके भेज दिया जाएगा। बाद में स्थिति सामान्य हो जाने के बाद वह अपने ससुराल आएगी। बताया जाता है कि बच्चा अंदर कमरे में सोया हुआ था। पिता व घर वालों का आरोप है कि मुस्कान व उसकी मां तैयार होने की बात कहकर अंदर गयी और बाद में पता चला कि बच्चे की मौत हो गयी है।
आरोप है कि उसकी मां ने ही बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी है। वहीं मुस्कान ने पुलिस पूछताछ के दौरान बताया कि वह अंदर गयी तो बच्चा अचेत हालत में पड़ा हुआ था। उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हो रही थी। उसने शोर मचाया तो अन्य लोग आए।
उसके बाद पता चला कि बच्चे की मौत हो गयी है। मौत की खबर सुनते ही वहां पर कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पालोजोरी थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं आरोपित मां को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस मामले से जुड़े सभी बिंदुओं पर गहन छानबीन कर रही है। वहीं घटना को लेकर मृतक के चाचा रहीम अंसारी ने कहा कि मां ने ही बच्चे की हत्या कर दी है। उसका कहना है कि बच्चा सोया हुआ था। मां भी घर पर ही थी। इसी दौरान मां ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी है।


