
Jamtara: जयनगर से पुरी जा रही ट्रेन संख्या 18420 जयनगर-पुरी एक्सप्रेस (Jaynagar-Puri Express) में यात्रियों के बीच उस वक़्त अफरा तफरी मच गयी जब जामताड़ा के पास ट्रेन के एक जनरल कोच से अचानक धुआं निकलने लगा।

यह घटना शनिवार को जामताड़ा रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर दूर सहाना गांव के पास हुई। धुआं निकलता देख बोगी में बैठे यात्री घबरा गए। ट्रेन रुकते ही वे अपनी सुरक्षा के लिए नीचे उतर गए। इस दौरान कुछ देर के लिए मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया था।

वहीं , घटना की सूचना मिलते ही तुरंत रेलवे प्रशासन सक्रिय हुआ। रेलवे की तकनीकी टीम और जांच दल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और प्रभावित कोच की जांच की। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्रेन को कुछ देर तक रोका गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन की जनरल बोगी से अचानक धुएं का गुबार निकलने लगा जिससे बोगी में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। किसी अनहोनी की आशंका से डरे-सहमे यात्री ट्रेन रुकते ही अपनी जान बचाने के लिए नीचे उतरकर इधर-उधर भागने लगे।
स्टेशन मास्टर ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण ब्रेक बाइंडिंग हुई थी, जिससे पहियों में घर्षण बढ़ गया और धुआं उठने लगा। इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। जांच पूरी होने के बाद स्थिति सामान्य पाई गई और ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
इस दौरान आधे घंटे से ज्यादा ट्रेन रुकी रही।


