
Deoghar: देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ के मंदिर में पूजा करने पहुंचे चार साइबर अपराधियों को देवघर पुलिस ने धर दबोचा है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। चारों बिहार के नवादा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपित आपस में मित्र हैं और मिलकर साइबर ठगी का धंधा संचालित करते थे।

पुलिस ने बताया कि लंबे समय से इनकी तलाश थी। इसी बीच गुप्त सूचना मिली कि सभी आरोपित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा करने के लिए देवघर आए हुए हैं और एक होटल में ठहरे हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने छापेमारी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों में नवादा जिले के नगर थाना क्षेत्र के उडनपुर गांव निवासी धर्मराज कुमार सिंह, शाहपुर थाना क्षेत्र के संगमा गांव निवासी सत्यम कुमार सिंह तथा वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के आजमपुर गांव निवासी गौतम कुमार सिंह और राजाराम कुमार सिंह शामिल हैं।
इनके पास से पांच मोबाइल फोन और सात सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। बरामद सिम कार्डों में से एक के खिलाफ प्रतिबिंब पोर्टल पर पहले से साइबर ठगी की ऑनलाइन शिकायत दर्ज है।
जांच में पता चला कि आरोपित खुद को फर्जी रूप से फ्लिपकार्ट, ब्लूडार्ट, फर्स्ट फ्लाइट और डीटीडीसी जैसी कूरियर कंपनियों का अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे। पार्सल या कूरियर डिलीवरी के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर उनसे ठगी करते थे।
देवघर में हुई साइबर ठगी की कुछ घटनाओं में भी इनके शामिल होने की जानकारी जांच के दौरान साइबर थाना पुलिस को मिली थी।



