
Deoghar : देवघर नगर थाना क्षेत्र के गांधीनगर बरमसिया इलाके में 35 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या किए जाने के मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। यह मामला मृतका की मां मंजू देवी के बयान पर दर्ज किया गया है।

उल्लेखनीय है कि शनिवार की अहले सुबह बरमसिया स्थित एक किराये के मकान में महिला का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। थाना में दर्ज कराये गए मामले मे जसीडीह थाना क्षेत्र के दोहरी निवासी मंजू देवी ने बताया है कि उनकी पुत्री संगीता की शादी करीब 18-19 वर्ष पूर्व कैराबांध, थाना सारठ निवासी टिपन पंडित के साथ हुई थी।

वर्ष 2018 में संगीता अपने पति को छोड़कर अपनी 9-10 माह की बेटी सीमा कुमारी को लेकर शहादत शेख के साथ चली गई थी। इस संबंध में मधुपुर थाना में मामला भी दर्ज कराया गया था।
दर्ज मामले के अनुसार, संगीता अपनी बेटी सीमा कुमारी तथा शहादत शेख से हुई दूसरी पुत्री तमन्ना के साथ गांधीनगर बरमसिया स्थित मुनीलाल महथा के मकान में किराये पर रह रही थी। बताया गया है कि शहादत शेख वहां आता-जाता था।
मंजू देवी ने आरोप लगाया है कि घटना से एक दिन पूर्व 19 जून 2026 को शहादत शेख ने मोबाइल फोन पर उन्हें कॉल कर गाली-गलौज की और उनकी बेटी समेत पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।
इसके अगले दिन उनकी पुत्री की हत्या कर दी गई। मृतका की मां ने मामले में शहादत शेख पर हत्या का आरोप लगाते हुए उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



