
Girisih News : गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र में रविवार को हथियार के बल पर लूट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गिरिडीह-जामताड़ा मुख्य मार्ग स्थित कोयरीडीह मोड़ के समीप बाइक सवार तीन अपराधियों ने एक युवक को रोककर पिस्तौल के बल पर नगदी और मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महतोडीह निवासी रुस्तम अंसारी अपनी मोटरसाइकिल से अपने ससुराल, मार्गोमुण्डा थाना क्षेत्र के बनसुमि गांव जा रहे थे। इसी दौरान कोयरीडीह मोड़ के पास बाइक पर सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोक लिया।

अपराधियों ने पिस्तौल सटाकर जान से मारने की धमकी दी और उनके पास मौजूद एक लाख 20 हजार रुपये नकद तथा मोबाइल फोन छीन लिया। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गांडेय थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी, एसआई संतोष सिंह तथा पुलिस बल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया है। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
गांडेय पुलिस बेंगाबाद पुलिस के सहयोग से मामले के खुलासे में जुटी हुई है। पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जल्द ही अपराधियों तक पहुंच बनाई जा सकेगी।


